झारखंड में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हेमंत सोरेन सरकार की ओर से चलाई गई ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ में लाखों महिलाएं पात्र हैं। हालांकि, इसे लेकर अब भाजपा दावा कर रही है कि सरकार इस योजना में कटौती करने वाली है। आपको बता दें, यह दावा कोडरमा विधायक नीरा यादव ने किया है।
भाजपा विधायक का बड़ा दावा
विधायक नीरा यादव ने कहा, “चुनाव से पहले जो बहनों को राशि मिल रही थी, उसमें कितनी कटौती होती है, यह देखना होगा। अब तो कई नए क्राइटेरिया पूरे करने होंगे। पहले जो ग्रीन कार्ड बना था, वह अब तक किनारे पड़ा हुआ है. अब चावल और दाल देने की बात हो रही है। पहले की घोषणाओं को तो ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। आप जो घोषणाएं करते हैं, उन्हें लागू करना बड़ी बात है। धरातल पर काम करके दिखाइए, केवल घोषणाएं करना कोई बड़ी बात नहीं है.”
हेमंत सरकार ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय
झारखंड में नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। इसके तहत राज्य सरकार की मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली धनराशि में वृद्धि की भी बात थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को 2,500 रुपये मिलेंगे। झारखंड सरकार ने अगस्त महीने से मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत राज्य की 21 से 50 साल तक की महिलाओं को सालाना 12 किस्तों में 12 हजार रुपये प्रदान किए जाने हैं।
