पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर दोपहर 11:45 बजे किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार के दौरान राष्ट्रीय सम्मान और परंपराओं का पूरा पालन किया जाएगा। इसी के साथ केंद्र सरकार ने राजधानी दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का फैसला लिया है हालांकि स्मारक का स्थान चुनने में थोड़ा समय लग सकता है । गृह मंत्रालय ने शुक्रवार रात एक बयान जारी करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। बयान में कहा गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचित किया है कि सरकार स्मारक के लिए उपयुक्त स्थान आवंटित करेगी।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार किसी ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां उनका एक स्मारक बनाया जा सके। इस आग्रह को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। डॉ. सिंह के योगदान और उनकी स्मृतियों को सम्मान देने के लिए यह स्मारक एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. मनमोहन सिंह का निधन गुरुवार को हुआ। वह 92 वर्ष के थे। उन्होंने 2004 से 2014 तक लगातार 10 वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारत को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
