ओडिशा में चक्रवाती तूफान के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य की आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के कारण अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान सिर्फ ओडिशा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को 26 अक्टूबर से समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की है। ओडिशा में 27, 28 और 29 अक्टूबर को लगातार भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
राज्य सरकार की तैयारियां पूरी
ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि राज्य 22 या 29 अक्टूबर को संभावित चक्रवाती तूफान के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभाग सभी तैयार हैं। स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में राहत केंद्र, निकासी मार्ग और आवश्यक आपूर्ति की व्यवस्था कर ली है।
मंत्री ने जनता से अपील की कि वे घबराएँ नहीं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि ओडिशा भारी वर्षा, बाढ़, नदियों के उफान और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति अत्यधिक संवेदनशील राज्य है। उन्होंने कहा, “हमने तटवर्ती क्षेत्रों में विशेष उपाय किए हैं और सभी विभाग तैयार हैं। जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

बिहार, झारखंड और बंगाल में भी भारी बारिश का खतरा
मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले तीन दिन तक मौसम खराब रहने और भारी बारिश होने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना यह निम्न दबाव चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और इसके चलते व्यापक क्षेत्रों में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
दिल्ली-NCR में मौसम में उतार-चढ़ाव और वायु गुणवत्ता खराब
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 94 से 38 प्रतिशत तक रहा।
वायु गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार को शाम 4 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 292 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। शुक्रवार को यह 275 था। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह हल्की धुंध होगी, दिन में आसमान साफ रहेगा और शाम को आंशिक बादल छा सकते हैं।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने का आग्रह किया है। मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने और तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने राहत केंद्रों में आवश्यक आपूर्ति और प्राथमिक चिकित्सा का प्रबंध पहले ही कर लिया है।
