एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बुरी खबर आ रही है। साउथ के पॉपुलर एक्टर अजित कुमार के घर मातम पसर गया है। एक्टर की मां मोहिनी मणि का निधन हो गया और अब अजित कुमार शोक में डूबे हुए हैं। अजित कुमार की मां मोहिनी मणि की उम्र 85 साल थी। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, मोहिनी मणि स्वास्थ्य संबंधी तकलीफों का सामना कर रही थीं। उन्होंने 30 मई की सुबह 84 साल चेन्नई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
अजित कुमार की मां का निधन
बताया जा रहा है कि जब अजित कुमार की मां का निधन हुआ उस समय वो घर से दूर थे। कहा जा रहा है कि इस समय भी एक्टर दुबई में हैं। ऐसे में अब जल्द से जल्द उनके दुबई से चेन्नई वापस लौटने का इंतजाम किया जा रहा है। विदेश में जब उन्हें मां के निधन की बुरी खबर मिली होगी तो एक्टर के पैरों तले जमीन खिसक गई होगी। किसी भी बेटे के लिए ये बात बेहद तकलीफदेह है कि अब उसकी मां इस दुनिया में नहीं रही और वो उन्हें उनके आखिरी वक्त में देख भी नहीं पाए।
2 साल पहले पिता ने कहा था दुनिया को अलविदा
वैसे भी करीब दो साल पहले ही अजित कुमार ने अपने पिता सुब्रमणि को भी खोया था। एक्टर के पिता का निधन उम्र संबंधी समस्याओं के कारण हुआ था। पिता के बाद अब मां के निधन से परिवार को बड़ा झटका लगा है। एक्टर के परिवार के सदस्य इस वक्त दुख और सदमे में हैं। अब इस दुखद खबर के सामने आने के बाद फैंस और सेलेब्स अजित कुमार और उनके परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। साथ ही अजित कुमार की मां को श्रद्धांजलि भी दे रहे हैं।
डीएमके प्रमुख ने दी श्रद्धांजलि
डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने भी X पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा है, 'मुझे अपने प्रिय भाई श्री अजित कुमार की माता श्रीमती मोहिनी मणि के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। श्री अजित कुमार को सांत्वना देने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वे उस माता के बिछड़ने के गम से गहरे दुखी होंगे, जिन्होंने उन्हें जीवन दिया और उनके जीवन में ऊंचाइयों को छूते देखकर प्रसन्न होती थीं। ईश्वर करे कि माता के साथ बिताए उनके अनमोल पल उन्हें इस दुख से उबरने में सहारा दें। श्री अजित कुमार और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और सांत्वना।'