नेपाल में आई बाढ़ के बाद अब बिहार में भी खतरा बढ़ता दिख रहा है। गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, गोपालगंज और बेतिया में NDRF की टीमें भी तैनात की जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए कई तैयारियां शुरू कर दी हैं। नेपाल के ऊपरी इलाकों में अचानक से बाढ़ आने के बाद अब बिहार की गंडक नदी पर भी खतरा मंडरा रहा है। ज्यादा पानी आने से गंडक का जलस्तर बढ़ सकता है।

बिहार के 8 जिलों को किया हाई अलर्ट 

वहीं, कुछ जगहों पर करीब 3 मीटर तक ऊंची फ्लड वेव आने की आशंका जताई गई है। खतरे को देखते हुए पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, मुज्जफरपुर, सारण, गोपालगंज, वैशाली, शिवहर और सीतामढ़ी में खास ध्यान रखा जा रहा है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ बैठककर तटबंध, नदी और निचले इलाकों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बिहार के गोपालगंज में NDRF की टीम भेजी जा रही है, जबकि बेतिया में भी टीम तैनात की जा रही हैं। वहीं, मुजफ्फरपुर में NDRF को स्टैंडबाय पर रखा गया है। प्रशासन को राहत शिविर, नाव और सामुदायिक रसोई तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।  

सरकार ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील 

सरकार ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरुरत पड़ने पर सभी लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाएगा। साथ ही लोगों से यह भी अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और सिर्फ सरकारी जानकारी पर भरोसा करें। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और गंडक नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखे हुए है। किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव टीमों को तुरंत मैदान में उतारा जाएगा। वहीं, सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। 

मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम ने किया हवाई सर्वे 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरूवार को नेपाल से सटे कई इलाकों का हवाई सर्वे किया। सीएम सम्राट चौधरी के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वे की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की हैं। उन्होंने बताया कि वाल्मीकि नगर, बेतिया, बगहा और मोतिहारी में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें हर संभव मदद देना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है। नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया। इसे देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।