बिहार में लगातार बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नेपाल में हुई तेज बारिश के बाद वहां से आने वाली नदियों में पानी का दबाव बढ़ गया है। इसका असर बिहार के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। गंगा के साथ-साथ कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक और सोन नदी का पानी भी बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है।
पटना के निचले इलाकों में पहुंचा पानी
पटना और उसके आसपास के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की खबर भी आई है। दानापुर और मनेर में भी हालात पर नजर रखी जा रही है। मंत्री रामकृपाल यादव के मुताबिक, प्रशासन को अलर्ट रखा गया है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। राहत और बचाव के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।
पुनपुन और दरधा नदी भी उफान पर
वहीं, पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर भी बढ़ने से कई गांवों पर खतरा मंडरा रहा है। जेडीयू नेता श्याम रजक ने बताया कि कुछ जगहों पर नदी का पानी गांवों तक पहुंच चुका है। लखना पूर्वी, लखना पश्चिमी, लखना उत्तरी, चंदासी और फतेहपुर जैसे इलाकों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
राहत और बचाव की तैयारी तेज
प्रशासन की टीमें तटबंधों की निगरानी कर रही हैं और कमजोर जगहों को मजबूत करने का काम जारी है। प्रभावित लोगों के लिए भोजन और जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है। सरकार का कहना है कि हालात को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि बाढ़ की स्थिति बिगड़ने पर लोगों को समय रहते मदद मिल सके।