सोशल मीडिया पर अब एक इंडियन कपल का विदेश से वीडियो वायरल हो रहा है। अमेरिका में इंडियंस को किस तरह से जलील किया जा रहा है, ये देखकर किसी का भी खून खौल उठेगा। वीडियो के वायरल होने के बाद अब मशहूर टीवी और बॉलीवुड एक्टर गुरमीत चौधरी भी खुद को इस पर रिएक्ट करने से रोक नहीं पाए। विदेश में हुई भारतियों की बेइज्जती का जवाब अब गुरमीत ने सोशल मीडिया पर दिया है। चलिए जानते हैं कि ऐसा क्या है इस वीडियो में जिसे देखकर गुरमीत का गुस्सा भड़क उठा।
विदेश में इंडियंस के साथ हुई बदसलूकी
आपको बता दें, वीडियो में नजर आ रहा है कि एक इंडियन कपल अमेरिका में रात में सड़क पर खड़े होकर तस्वीरें ले रहा था। तभी एक व्यक्ति आता है और अंग्रेजी में बात करते हुए उनसे पूछता है, 'तुम इंडिया से हो?' जवाब में दोनों हां कहते हैं और तभी वो आगे कहता है, 'तुम्हे अमेरिका पसंद है? कौन बेहतर है अमेरिका या इंडिया? तभी इंडियन आदमी बेहद तहजीब से मुस्कुराते हुए कहता है कि दोनों ही अच्छे हैं। इंडिया में फैमिली है। इसी बीच वो अमेरिकी आदमी बदतमीजी करते हुए कहता है, 'अगर इंडिया इतना ही अच्छा है तो तुम इंडिया में क्यों नहीं रहते? तुम अमेरिका क्यों आते हो? हम तुम लोगों को यहां नहीं चाहते। तुम अपने घर जाओ।'
भारतियों के साथ गलत बर्ताव पर फूटा गुरमीत का गुस्सा
ये शख्स इस इंडियन कपल को गाली देते हुए कहता है कि मेरे देश से निकल जाओ। विदेश में हुई इस बदसलूकी का वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। इसे शेयर करते हुए गुरमीत चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'दुनिया में कहीं भी भारतीयों के खिलाफ रेसिज्म को अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सालों तक, कई लोग चुप रहे, अपमानों को नजरअंदाज करते रहे और आगे बढ़ते रहे। लेकिन सम्मान कोई विकल्प नहीं है। भारतीय अपनी कड़ी मेहनत, प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और मानवता से वैश्विक स्तर पर योगदान देते हैं। हम भी उतने ही सम्मान और गरिमा के हकदार हैं जितने कि कोई और।'
गुरमीत ने रेसिज्म के खिलाफ किया पोस्ट
गुरमीत चौधरी ने आगे लिखा, 'यह किसी देश या लोगों के खिलाफ नहीं है, यह रेसिज्म के खिलाफ है। अब बहुत हो गया चुप रहना। सम्मान के लिए खड़े होइए। मानवता के लिए खड़े होइए, प्लीज। #जयहिंद #स्टॉपरेसिज्म।' अब गुरमीत के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शंस भी सामने आ रहे हैं। हर कोई इस हादसे पर नाराजगी और गुस्सा जाहिर कर रहा है।