सलमान खान पिछले कई साल से काला हिरण शिकार मामले में ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं। एक तरफ कानूनी मुसीबत और साथ में लोगों से मिली फजीहत के बीच अब सलमान खान की मुश्किल अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' ने बढ़ा दी है। 30 मई को फिल्म 'काला हिरण' का पोस्टर जारी होने के बाद से विवाद बढ़ा हुआ है। सलमान खान की तरफ से इस फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी को लीगल नोटिस भेजा गया। इस नोटिस में फिल्म की रिलीज पर रोक और पोस्टर को डिलीट करने की मांग की गई थी। साथ ही बिना शर्त माफी मांगने को भी कहा गया था। अब प्रोड्यूसर अमित जानी ने लीगल नोटिस फाड़कर सलमान खान को जवाब दिया है।
प्रोड्यूसर को मिली मारने और सिर काटने की धमकी
प्रोड्यूसर अमित जानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सलमान खान और उनके फैंस के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वीडियो में कहा, 'सब पूछ रहे हैं कि सलमान खान का जो नोटिस आया है, उसका आपको क्या जवाब देना है? ये नोटिस क्या जवाब दूं मैं इसका? 36 घंटे से इनकी जो टूलकिट है, मुझे हजारों मैसेज भेज चुकी हैं जान से मारने के, मुंबई आने पर सिर काटने के। एक मैसेज तो D कंपनी के नाम से भिजवाया गया है कि D कंपनी छोड़ेगी नहीं। ये असली है या नकली नहीं पता। तो मैं किसका जवाब दूं? सलमान खान की टूलकिट के द्वारा जो हजारों गालियां दिलवाई गईं वाहियात किस्म की, धमकियां दिलवाई गईं, उन धमकियों का जवाब दूं या इस नोटिस का जवाब दूं।'
[Image]
प्रोड्यूसर ने फाड़ा सलमान खान का नोटिस
इसके बाद प्रोड्यूसर ने वो नोटिस फाड़ते हुए कहा कि ये मेरा जवाब है नोटिस पर। उसे फेंकते हुए अमित जानी बोले ये रहा आपका नोटिस।वीडियो में उन्होंने आगे कहा, 'अब रहीं आपकी धमकियां, जो धमकी देने वाली आपकी टूलकीट्स है, आपकी गैंग्स है, तो आपके बदतमीज वाहियात फैंस हैं और जो आपके धारावी में पल रहे छपरी गुंडे हैं या फिर डोंगरी में रहने वाले आपके सो कॉल्ड फैन हैं और जिस तरह से मैसेज आ रहा है- D कंपनी से बोल रहे हैं, परिवार खत्म कर देंगे। नोटिस का जवाब तुम्हें दे दिया है। अब हम D कंपनी को ही देखेंगे। भेजो जिसे भेजना हो।'
प्रोड्यूसर ने सलमान खान पर लगाए आरोप
इस वीडियो को X पर शेयर करते हुए प्रोड्यूसर अमित जानी ने लिखा, 'सलमान खान के समर्थन में कथित रूप से D कंपनी की धमकी आ रही है, मैं किसका जवाब दूं? नोटिस का या धमकियों का? मैंने आपका लीगल नोटिस फाड़ के फेंक दिया है सलमान भाई... और आपके पक्ष में आ रही D कंपनी को भी देख लेंगे...। जी के देखा है, मर के देखेंगे, ये तमाशा भी कर के देखेंगे, रास आया नहीं सिमटना जब, सोचते है बिखर के देखेंगे। हर हर महादेव।'