बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने सोशल मीडिया पर हाल ही में अपना एक डांसिंग वीडियो शेयर किया था। ये वीडियो इंटरनेट पर ताबड़तोड़ वायरल हो गया। इस वीडियो में कुछ लोगों को श्रद्धा कपूर का बेफिक्र होकर डांस करना पसंद आया, तो कुछ लोगों को इस बात ने इम्प्रेस किया कि श्रद्धा का ये मस्ती भरा अंदाज उनके रूमर्ड बॉयफ्रेंड राहुल मोदी ने शूट किया है। अब श्रद्धा का माइकल जैक्सन के गाने 'Bad' पर जबरदस्त डांस भले ही लोगों को पसंद आ रहा हो, लेकिन वीडियो में दिख रहे बैकग्राउंड की वजह से वो बुरी तरह से ट्रोल हो रही हैं।
श्रद्धा कपूर हुईं ट्रोल
आपको बता दें, जिस रूम में श्रद्धा ने अपना डांसिंग वीडियो बनाया है वो काफी बिखरा हुआ नजर आ रहा है। श्रद्धा कपूर का गंदा रूम देखकर अब सभी लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। इतनी गंदगी देखने के बाद लोग उन्हें थोड़ी सफाई करने की सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में हर कोई श्रद्धा कपूर को सफाई पर ज्ञान देता हुआ नजर आ रहा है। इसी बीच अब श्रद्धा कपूर ने सोशल मीडिया पर एक यूजर की ट्रोलिंग पर रिएक्शन दिया है। अब श्रद्धा का रिएक्शन भी चर्चा में आ गया है।
ट्रोलर को श्रद्धा कपूर का जवाब
दरअसल, श्रद्धा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस वीडियो के साथ एक यूजर का कमेंट शेयर किया है। इसमें लिखा है, 'जिसका भी रूम है बहुत सफाई की जरूरत है।' अब इस कमेंट के रिप्लाई में श्रद्धा कपूर ने लिखा, 'रूम जैसा भी हो, दिल साफ होना चाहिए।' अब उनका ये जवाब भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। श्रद्धा कपूर का ह्यूमर वैसे भी फैंस को पसंद है। उनकी खूबसूरती, ह्यूमर और सिम्पलिसिटी के ही सब दीवाने हैं।
वायरल हुआ श्रद्धा कपूर का रिप्लाई
ऐसे में अब एक्ट्रेस का ये बिंदास अंदाज सोशल मीडिया पर पूरी तरह से छा गया है। उनके हर पोस्ट का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं और अगर श्रद्धा किसी फैन का रिप्लाई कर दें तो समझो उसका दिन बन जाता है। अब जिसका रिप्लाई श्रद्धा ने अपनी स्टोरी में किया है, उसका भी दिन खास हो गया होगा। उनका लोगों से कनेक्ट करना ही उन्हें सबसे जोड़कर रखता है।