यो यो हनी सिंह या तो अपने गानों से या फिर अपने खुलासों से सुर्खियों में बने रहते हैं। एक बार फिर हनी सिंह ने कुछ ऐसा रिवील किया है जिसके बाद वो फिर से चर्चाओं में आ गए हैं। हनी सिंह का फैंस में कितना क्रेज है, ये तो सभी ने देखा है। सिंगर के गानों से लेकर उनके स्टाइल तक के लोग दीवाने हैं। इसी बीच हनी सिंह ने एक बाड़ा खुलासा किया है, जिसे सुनकर उनके चाहने वाले हैरान रह जाएंगे। हनी सिंह ने बताया है कि वो पूरी तरह से गंजे हो चुके हैं।
हनी सिंह ने खोला बड़ा राज
आए दिन हनी सिंह के ट्रांसफॉर्मेशन वीडियो और फोटो वायरल होते ही रहते हैं। कभी उनका घटा हुआ वजन तो कभी हेयरस्टाइल लोगों को पसंद आ जाता है। लेकिन आपको ये जानकर झटका लगेगा कि हनी सिंह के स्टाइलिश हेयर स्टाइल के पीछे विग है। ये हम नहीं बल्कि खुद हनी सिंह कह रहे हैं। हाल ही में हनी सिंह ने एक पॉडकास्ट में कई बड़े खुलासे किए हैं। इसी दौरान रैपर और सिंगर ने ये भी रिवील किया कि उनके सिर पर बाल नहीं हैं और वो पूरी तरह से गंजे हो चुके हैं। चलिए ये भी जानते हैं कि उनकी ये हालत कैसे हो गई।
क्या है हनी सिंह के बालों का राज?
दरअसल, हनी सिंह काफी समय तक मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे। बाइपोलर डिसऑर्डर और नशे की समस्या के कारण हनी सिंह को लम्बे समय तक दवाइयां लेनी पड़ीं। इन दवाइयों का असर उनके शरीर पर काफी गहरा हुआ। इलाज के दौरान हनी सिंह के शरीर में कई बदलाव आए। सिंगर का कहना है कि उन्होंने करीब सात साल तक भारी दवाइयां खाई थीं और उनका वजन भी 105 किलो पहुंच गया था। इसी दौरान हनी सिंह के सारे बाल झड़ गए। अब हनी सिंह ये नकली बाल यानी विग पहनते हैं।
फिर चमका हनी सिंह की किस्मत का सिक्का
आपको बता दें, हनी सिंह ने इसके अलावा अपने तलाक पर भी कई बड़े खुलासे किए हैं। हनी सिंह ने बिना फिल्टर अपनी पर्सनल लाइफ के कई राज खोल दिए हैं। बात उनके करियर की करें तो एक वक्त पर हनी सिंह के गाने रूल किया करते थे। फिर एक वक्त वो भी आया जब हनी सिंह का डाउनफॉल हुआ और वो इंडस्ट्री से अचानक गायब हो गए। हालांकि, अब हनी सिंह दमदार वापसी करने और फिर से फैंस के दिल जीतने में कामयाब हो चुके हैं।