बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बीच चल रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से आते हैं और अपनी-अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का निर्णय ही अंतिम होता है और राजनीति में इस तरह के मतभेद सामान्य बात हैं।
अशोक चौधरी के भरत परिवार से मिलने के विवाद पर सफाई
मंत्री अशोक चौधरी के भरत परिवार से मुलाकात को लेकर उठे विवाद पर विजय चौधरी ने कहा कि यदि कोई मंत्री किसी परिवार से मिलने जाता है तो इसमें कोई आपत्ति की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है और न्यायिक जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नए टैक्स प्रस्ताव पर बोले- जनता की राय के बाद होगा फैसला
राज्य सरकार द्वारा नए टैक्स लगाने की संभावनाओं पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल केवल प्रस्ताव आया है। सरकार पहले सभी पहलुओं और जनता की राय पर विचार करेगी, उसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
विक्रम में रास्ता और नल बंद होने के मामले में जांच के आदेश
पटना के विक्रम थाना क्षेत्र में 40 से अधिक लोगों के रास्ता और पेयजल आपूर्ति बाधित किए जाने के मामले पर विजय चौधरी ने कहा कि जिला अधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर कहा- लोकतंत्र में सबको अधिकार
प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने की संभावना पर विजय चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने कहा, "आप पत्रकारों में से भी कोई चाहे तो चुनाव लड़ सकता है।"
शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन पर प्रतिक्रिया
शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा समर्थन दिए जाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को किसी का समर्थन करने की स्वतंत्रता है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव में जीत आखिरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ही होगी।