बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान एक बार फिर अपने बेबाक विचारों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप पर खुलकर अपनी राय रखी और कहा कि शादी से पहले साथ रहना आज के समय में पहले से कहीं ज्यादा जरूरी है। उनका मानना है कि इससे रिश्ते की मजबूती और आपसी तालमेल को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
'शादी से पहले कम्पैटिबिलिटी समझना जरूरी है'
एक इंटरव्यू में जीनत अमान ने कहा कि किसी भी कानूनी या सामाजिक रिश्ते में बंधने से पहले यह जानना बेहद जरूरी है कि दोनों लोग मानसिक और भावनात्मक रूप से एक-दूसरे के साथ कितने सहज हैं। उन्होंने कहा, "आज के दौर में और पहले भी कोई भी चीज हमेशा के लिए तय नहीं होती। किसी कानूनी वादे से पहले यह समझना जरूरी है कि आप दोनों के बीच तालमेल कैसा है।"
'बच्चों और पैसों को लेकर भी सोच मिलनी चाहिए'
जीनत अमान का कहना है कि सिर्फ प्यार ही किसी रिश्ते को सफल नहीं बनाता, बल्कि जीवन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी दोनों की सोच एक जैसी होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर आप भविष्य में बच्चे चाहते हैं, तो उनकी परवरिश कैसे करेंगे? पैसों को लेकर आपकी सोच क्या है? अगर इन बातों पर तालमेल नहीं है, तो फिर रिश्ते का क्या फायदा?" उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी रिश्ते में लंबे समय तक दुखी रहना पड़े, तो उससे बेहतर है कि सही फैसला समय रहते लिया जाए।
पहले भी कर चुकी हैं लिव-इन का समर्थन
यह पहली बार नहीं है जब जीनत अमान ने लिव-इन रिलेशनशिप का समर्थन किया हो। इससे पहले भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में युवाओं को सलाह दी थी कि अगर वे किसी रिश्ते में हैं, तो शादी से पहले कुछ समय साथ रहकर एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझें। उनकी इस सलाह की वरिष्ठ अभिनेत्री सायरा बानो ने आलोचना भी की थी, लेकिन जीनत अपने विचारों पर कायम हैं।
जीनत अमान की निजी जिंदगी भी रही उतार-चढ़ाव भरी
जीनत अमान की निजी जिंदगी भी काफी चर्चाओं में रही है। कहा जाता है कि अभिनेता देव आनंद उन्हें बेहद पसंद करते थे और उनसे अपने प्यार का इज़हार करना चाहते थे, लेकिन ऐसा कभी हो नहीं सका। इसके बाद जीनत का नाम अभिनेता संजय खान से जुड़ा। दोनों ने कथित तौर पर गुपचुप शादी की, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। इस दौरान जीनत ने घरेलू हिंसा का भी सामना किया, जिसमें उनकी एक आंख को स्थायी नुकसान पहुंचा।
मजहर खान से शादी भी नहीं रही सफल
साल 1985 में जीनत अमान ने अभिनेता और बिजनेसमैन मजहर खान से शादी की। इस शादी से उनके दो बेटे हुए। हालांकि, समय के साथ इस रिश्ते में भी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना तथा बेवफाई के आरोप लगे। कई साल तक रिश्ते को निभाने के बाद आखिरकार दोनों अलग हो गए। वर्कफ्रंट की बात करें तो जीनत अमान हाल ही में Netflix की वेब सीरीज 'द रॉयल्स' में नजर आई थीं। इस सीरीज में उनके साथ ईशान खट्टर और भूमि पेडनेकर ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।