जिले के बछरावां थाना क्षेत्र में टीईटी परीक्षा देने लखनऊ जा रहे पिता और पुत्री उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, दोनों को सुरक्षित निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे पिता-पुत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दुर्घटना में दोनों को मामूली चोटें आईं। समय रहते लोगों की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
दूसरी कार से लखनऊ परीक्षा देने रवाना हुए
प्राथमिक उपचार के बाद पिता और पुत्री को दूसरी कार की व्यवस्था कर लखनऊ के लिए रवाना किया गया, ताकि छात्रा समय पर टीईटी परीक्षा में शामिल हो सके।
रामपुर गांव के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना बछरावां थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। समय रहते हुए रेस्क्यू के कारण दोनों की जान सुरक्षित बच गई।