बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की जीत निश्चित है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में हुए शामिल
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भाजपा जिला प्रधान कार्यालय में आयोजित भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं स्मरण पक्ष के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ने की, जबकि मुख्य वक्ताओं के रूप में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और पूर्व मंत्री जनक राम मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने अपने संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, सेवा और त्याग का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के समापन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा की गई।