उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान बीकापुर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान सीएम योगी ने कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे और पात्र लाभार्थियों को आवास की चाभी भी प्रदान की। साथ ही सोहावल विकासखंड परिसर में स्थापित स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दो प्रमुख नाम परिवर्तन की घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि खिरौनी सोहावल नगर पंचायत का नाम अब मां ज्वाला देवी नगर पंचायत होगा।
वहीं भरतकुंड भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरत नगर भरतकुंड किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने के उद्देश्य से लिया गया है।
सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- आस्था की बात करने वालों का सच सब जानते हैं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उनका पुराना रवैया जनता भूली नहीं है।
सीएम योगी ने कहा, "इन्होंने अयोध्या की पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था। आप सोचिए, क्या कोई जामा मस्जिद में कभी हनुमान चालीसा का पाठ कर पाएगा? क्या कोई सरकार ऐसा करवा पाएगी?"
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ऐसा संभव नहीं है तो फिर अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर ऐसा प्रयास क्यों किया गया था।
'मंशा साफ हो तो कार्य अपने आप होते हैं'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब नीति स्पष्ट होती है और मंशा साफ होती है तो विकास के कार्य अपने आप आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा,"नीति स्पष्ट हो तो नियंता अपने आप सहयोग करता है। आज यही अयोध्या में दिखाई देता है। प्रभु श्रीराम की कृपा और पवनसुत हनुमान जी के आशीर्वाद से अयोध्या के सभी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।"
अयोध्या एयरपोर्ट और विकास कार्यों पर गिनाईं उपलब्धियां
सीएम योगी ने कहा कि कभी किसी ने सोचा भी नहीं था कि अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के लोग एयरपोर्ट निर्माण का विरोध करते थे और जनता को गुमराह करते थे।
उन्होंने कहा कि आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के प्रमुख शहरों से जुड़ चुका है।
'विरोध इसलिए हो रहा है क्योंकि ये काम पहले नहीं कर पाए'
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग अयोध्या के विकास कार्यों का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि जो काम वे नहीं कर पाए, वह डबल इंजन की सरकार ने करके दिखाया है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस बात से परेशानी है कि अयोध्या में विकास कार्यों को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
राम मंदिर निर्माण का जिक्र कर विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने अयोध्या की पहचान को संकट में डालने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार आने के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकी।