बरेली। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति के तत्वावधान में सोमवार को बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक एवं भगवान शिव के भव्य श्रृंगार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
शोभायात्रा के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष बृजवासी लाल अग्रवाल के निर्देशन में श्यामगंज मंदिर से हुआ। श्रद्धालुओं ने नाथ नगरी चालीसा और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए शोभायात्रा निकाली। इस दौरान श्रद्धालु अपने वाहनों पर नंदी ध्वज लगाए, गले में गंगाजली धारण किए और माथे पर केसरिया पट्टी बांधे हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचे।
शोभायात्रा श्यामगंज मंदिर से गंगापुर चौराहा, मूर्ति नर्सिंग होम, मैकनियर रोड और सूद धर्मकांटा होते हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ रुद्राभिषेक
मंदिर परिसर में पंडित आशुतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, धतूरा, वस्त्र, रुद्राक्ष, माला और नंदी ध्वज अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण हुआ।
'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
रुद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में बाबा त्रिवटीनाथ के दर्शन किए। पूरे मंदिर परिसर में 'ॐ नमः शिवाय' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
श्रद्धालुओं का हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
शोभायात्रा के मार्ग में गंगापुर चौराहा, मूर्ति नर्सिंग होम, सूद धर्मकांटा और बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
20 जुलाई को बाबा अलखनाथ मंदिर में होगा दूसरा चरण
समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि जलाभिषेक कार्यक्रम का दूसरा चरण 20 जुलाई को बाबा अलखनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।