गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र की चुड़ियाला पुलिस चौकी इलाके में युवक की कथित पिटाई के बाद मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 जुलाई को कुछ लोगों ने युवक विक्रांत को खेत में ले जाकर डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक ने मेरठ के सुभारती अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया।
महिला की सूचना पर पहुंचे परिजन
परिजनों के अनुसार, विक्रांत 9 जुलाई की शाम घर से निकला था। अगले दिन गांव की एक महिला खेत की ओर गई, जहां उसने चीख-पुकार सुनी। महिला का दावा है कि उसने 8 से 10 लोगों को विक्रांत की पिटाई करते देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुके थे और विक्रांत गंभीर रूप से घायल अवस्था में खेत में पड़ा मिला।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन घायल विक्रांत को पहले गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शव रखकर किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने चुड़ियाला पुलिस चौकी के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। परिजनों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
पुलिस जांच जारी
जांच अधिकारी दरोगा दिव्यांश मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद या दोस्तों के बीच कहासुनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है।