जिले के सांडी कस्बे में मंगलवार को नगर पालिका की पानी की टंकी पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंदिरा पार्क परिसर स्थित पानी की टंकी में पाइपलाइन के लीकेज की मरम्मत के दौरान अचानक तेज पानी के दबाव से वाल्व (बॉल) की प्लेट फट गई। इसके बाद टंकी से तेज रफ्तार से पानी का फव्वारा निकल पड़ा और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया।
ऑपरेटर बाल-बाल बचा
जानकारी के अनुसार पानी की टंकी के ऑपरेटर समसुल लीकेज वाले वाल्व की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक प्रेशर के कारण वाल्व की प्लेट फट गई और तेज पानी के बहाव की चपेट में ऑपरेटर भी आ गए। हालांकि उन्होंने सूझबूझ से खुद को संभाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
सड़क पर भर गया पानी, जलापूर्ति भी हुई प्रभावित
घटना के बाद इंदिरा पार्क और मुख्य मार्ग के आसपास पानी ही पानी नजर आने लगा। अचानक बड़ी मात्रा में पानी निकलने से सड़कें जलमग्न हो गईं और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तकनीकी खराबी के कारण नगर की पेयजल आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
नगर पालिका ने शुरू कराया मरम्मत कार्य
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पाइपलाइन के वाल्व में लीकेज की समस्या थी, जिसकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में है और मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर नगर की जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।