भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में NEET पेपर लीक, छात्र आंदोलन, संसद की कार्यवाही और विपक्ष के रवैये को लेकर सरकार का पक्ष रखा। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह भी मौजूद रहे। पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन चलने नहीं देना चाहता और सड़क की राजनीति कर रहा है।
'देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है'
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सदन में अपना पक्ष स्पष्ट रखा है और सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।
'विपक्ष सदन नहीं, कैमरे के सामने चर्चा चाहता है'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी समस्या का समाधान सदन में चर्चा से निकलता है, लेकिन विपक्ष संसद में चर्चा करने के बजाय कैमरों के सामने राजनीति करना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की सभी शर्तें मानने के बाद भी विपक्ष अपने रुख से पीछे हट गया।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
पंकज चौधरी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सदन में चर्चा करने के बजाय धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि यदि सदन में चर्चा होगी तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
NEET पेपर लीक पर सरकार का पक्ष
NEET पेपर लीक मामले पर बोलते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता थी, वहां दोबारा परीक्षा कराई गई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार बच्चों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी।
'दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट से मिलेगी सजा'
उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। सरकार का उद्देश्य ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
'युवाओं का भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता'
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के लिए युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।
सोनम वांगचुक का भी किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार सोनम वांगचुक से मिलने भी गई थी और संवाद के माध्यम से मुद्दों के समाधान का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बातचीत और चर्चा ही समस्याओं का सबसे बेहतर समाधान है।
'सदन चलना लोकतंत्र के हित में जरूरी'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और विकास भाजपा की प्राथमिकता हैं तथा सड़क की राजनीति के बजाय संसद में चर्चा होना देशहित में आवश्यक है।