हाल ही में ओटीटी पर शुरू हुए भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रोमो में अभिनेत्री काजल राघवानी ने अभिनेता पवन सिंह और दिनेश लाल यादव (निरहुआ) को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे शो एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
पवन सिंह पर लगाया जबरदस्ती किसिंग सीन करवाने का आरोप
प्रोमो में काजल राघवानी दावा करती नजर आती हैं कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनसे उनकी इच्छा के विरुद्ध किसिंग सीन करवाया गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पवन सिंह सेट छोड़कर चले गए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा सभी का सम्मान किया, लेकिन बदले में उन्हें वैसा सम्मान नहीं मिला।
आम्रपाली दुबे और निरहुआ पर भी साधा निशाना
काजल राघवानी ने अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और अभिनेता दिनेश लाल यादव (निरहुआ) को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें काम से हटवाने में आम्रपाली की भूमिका रही। साथ ही उन्होंने दोनों पर तीखी टिप्पणी करते हुए अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्रोमो
'भोजपुरी बवाल' का यह प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। फैंस शो में किए गए खुलासों और आरोपों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
सावन में चिकन बनाने को लेकर भी घिरे थे पवन सिंह
हाल ही में शो का एक अन्य वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पवन सिंह सेट पर बिहारी अंदाज में चिकन बनाते नजर आए थे। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। कुछ यूजर्स ने सावन माह में मांसाहार बनाने और खाने को लेकर उनकी आलोचना की थी।