इटावा: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत भरथना प्रथम मंडल में कलश वंदन अभियान आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ अन्नू गुप्ता के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई।
अंबेडकर पार्क और दलित बस्तियों में पहुंची यात्रा
कलश यात्रा के दौरान कार्यकर्ता अंबेडकर पार्कों और दलित बस्तियों में पहुंचे। यहां संत रविदास के जीवन, उनके आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश पर चर्चा की गई। लोगों से संत रविदास के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
यात्रा का संत रविदास के अनुयायियों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
पांच संतों को किया गया सम्मानित
भरथना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब पांच संतों को सम्मानित किया गया। इनमें ॐ श्री पागल बाबा गंगासागर धाम के पीठाधीश्वर श्याम सुंदर दास भी शामिल रहे।
संत रविदास के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास के सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए समाज में समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश मजबूत किया जाएगा।