सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया के जरिए प्रयागराज स्थित स्वरूपरानी अस्पताल का नाम बदलने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का नाम अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर किया जाना चाहिए।
'रोशन सिंह के बलिदान का सम्मान होना चाहिए'
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि स्वरूपरानी नेहरू के सम्मान को लेकर किसी तरह की आपत्ति नहीं है, लेकिन देश की आजादी के लिए ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान को भी उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुभासपा इस मांग का समर्थन करती है।
काकोरी एक्शन की 100वीं वर्षगांठ का किया जिक्र
राजभर ने कहा कि 9 अगस्त को काकोरी एक्शन की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर इस ऐतिहासिक स्थल और उसके नाम से जुड़े इतिहास को सम्मान देने की दिशा में कदम उठाया जाना चाहिए।
मलाका जेल से स्वरूपरानी अस्पताल तक का इतिहास
राजभर के मुताबिक, प्रयागराज की पुरानी मलाका जेल, जिसे अब स्वरूपरानी अस्पताल के नाम से जाना जाता है, का नाम ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहीदों के सम्मान से जोड़कर देखा।
'पिछली गलतियों को सुधारने का सही समय'
सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महान क्रांतिकारियों के योगदान को उचित पहचान देना जरूरी है। उनके मुताबिक, पुरानी गलतियों को सुधारने का यह सही समय है।
मुख्यमंत्री से मिलकर रखेंगे मांग
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अस्पताल का नाम बदलने की मांग रखेंगे। उन्होंने दोहराया कि स्वरूपरानी नेहरू के प्रति सम्मान उनके हृदय में पहले भी था, आज भी है और हमेशा रहेगा, लेकिन शहीद ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान का सम्मान भी जरूरी है।