स्टैंडअप कॉमेडियन सुनील पाल और समय रैना के बीच जुबानी जंग थमती नजर नहीं आ रही है। हाल ही में सुनील पाल ने दावा किया था कि उन्हें समय रैना ने अपने शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' में आने के लिए 25 लाख रुपये का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने शो का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया। अब इस दावे पर अभिनेत्री और एंटरटेनर राखी सावंत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
'2 लाख मिलेंगे तो भी शो में चले जाओगे'
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में राखी सावंत ने सुनील पाल पर निशाना साधते हुए कहा, "ये सुनील पाल बहुत बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। कह रहे हैं कि समय रैना ने 25 लाख ऑफर किए, फिर भी नहीं गए। अरे भाई, आपको 2 लाख भी मिलेंगे तो आप समय रैना के शो में चले जाओगे। आप तो उनके शो में जाने के लिए तरस रहे हो।" राखी ने आगे दावा किया कि, "समय रैना ने आपको नहीं, मुझे बुलाया है। मैं पहले सीजन में भी गई थी और इस सीजन में भी जाऊंगी।"
सुनील पाल ने क्या कहा था?
गुरुवार को एक इवेंट के दौरान सुनील पाल ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि समय रैना ने उनसे शो में आने के लिए संपर्क किया था और 25 लाख रुपये देने की बात भी कही थी। सुनील पाल के मुताबिक उन्होंने साफ कहा कि वह शो में गाली-गलौज नहीं करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस पर समय रैना ने जवाब दिया था कि "सर, आप गाली मत दीजिए।" इसके बावजूद उन्होंने शो में शामिल होने से इनकार कर दिया।
समय रैना की कॉमेडी पर पहले भी उठा चुके हैं सवाल
सुनील पाल पहले भी कई बार समय रैना की कॉमेडी शैली की आलोचना कर चुके हैं। उनका कहना रहा है कि कॉमेडी में अनावश्यक गालियों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए और वह इस तरह की प्रस्तुति का समर्थन नहीं करते।
कहां देख सकते हैं 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2'?
समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' नेटफ्लिक्स और यूट्यूब, दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। नेटफ्लिक्स पर शो बिना विज्ञापनों के देखा जा सकता है, जबकि यूट्यूब संस्करण में बीच-बीच में विज्ञापन दिखाए जाते हैं।