अभिनेता और टीवी होस्ट शेखर सुमन ने अपने शो 'शेखर टूनाइट' के हालिया एपिसोड में छात्र आंदोलन को लेकर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है। शेखर सुमन ने कहा कि वह पिछले तीन दिनों से ठीक से सो नहीं पाए हैं और लगातार भावुक महसूस कर रहे हैं।
'छात्रों के साथ हुई घटना ने झकझोर दिया'
एपिसोड की शुरुआत में शेखर सुमन ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों के साथ हुई घटना बेहद दुखद थी। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट और लाठीचार्ज के दृश्य देखकर वह मानसिक रूप से बेहद व्यथित हुए हैं।
छात्रों के समर्थन में कही यह बात
शेखर सुमन ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और भविष्य के लिए आवाज उठा रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि यदि छात्र अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से उठा रहे थे, तो उनकी बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों की गई।
'अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों के साथ हूं'
अभिनेता ने कहा कि वह हर उस युवा और नागरिक के साथ खड़े हैं, जो अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का साहस रखता है और देश की गरिमा तथा बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहा है।
छात्र आंदोलन को मिल रहा फिल्मी हस्तियों का समर्थन
छात्र आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर फिल्म जगत के कई कलाकार अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। सलमान खान, आलिया भट्ट, वरुण धवन, शबाना आजमी और आर. माधवन सहित कई कलाकारों ने सोशल media के माध्यम से छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी है।