महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

सीएम योगी आज चित्रकूट-बांदा दौरे पर, 709 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रकाशित: 09-07-2026, 05:37 AM
सीएम योगी आज चित्रकूट-बांदा दौरे पर, 709 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
शेयर करें:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 9 जुलाई को चित्रकूट और बांदा के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री चित्रकूट से करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह न्यू सर्किट हाउस से कामदगिरि परिक्रमा स्थल स्थित बरहा के हनुमान मंदिर पहुंचेंगे, जहां विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कामदगिरि की लगभग 6 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करेंगे, जिसे करीब एक घंटे में पूरा किया जाएगा। परिक्रमा के बाद वह पुनः हनुमान मंदिर पहुंचेंगे और वहां से न्यू सर्किट हाउस लौटेंगे।

बांदा में जनसभा को करेंगे संबोधित

चित्रकूट का कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बांदा पहुंचेंगे। यहां पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

709 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री बांदा जनपद की दो विधानसभा क्षेत्रों—बांदा सदर और बबेरू—के लिए कुल 709 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

बांदा सदर में 45 परियोजनाओं का लोकार्पण

बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 171 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 45 विकास कार्यों का मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा इसी विधानसभा क्षेत्र में 425 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 40 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।

बबेरू विधानसभा को भी मिलेगी बड़ी सौगात

बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 65 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 64 विकास कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री करेंगे। वहीं 47 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 80 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी उनके द्वारा किया जाएगा।

रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा का भी कर सकते हैं अनावरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बांदा दौरे के दौरान शहर के कालूकुआ चौराहे पर स्थापित रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण भी कर सकते हैं। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: