महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 75.3 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

प्रकाशित: 08-07-2026, 05:11 AM
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 75.3 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
शेयर करें:

भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) नरकटियागंज को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। "सी" समवाय पचरौता के कार्यक्षेत्र में पचरौता तीन मोहानी ब्रिज के पास एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त रात्रि गश्ती के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई रात करीब 2:20 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-429 से लगभग 2.7 किलोमीटर भारतीय सीमा के अंदर की गई।

बोरी में मिला 75.3 किलो गांजा

गश्ती के दौरान निरीक्षक (सामान्य) जयप्रकाश अपनी टीम के साथ नाका लगाए हुए थे। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर सिर पर बोरी लेकर आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसकी बोरी से करीब 75.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पश्चिम चंपारण का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार तस्कर की पहचान रविन्द्र यादव (39) के रूप में हुई है। वह बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरवा टोला, पोस्ट-दमरपुर का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था, ताकि उससे मोटी कमाई की जा सके।

गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत लाखों में

एसएसबी के अनुसार, जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। बरामद गांजा और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगाहा पुलिस थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान जारी

एसएसबी और बिहार पुलिस भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर निगरानी और गश्त को और अधिक सख्त किया गया है, ताकि तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: