महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

महोबा में पाइपलाइन विवाद पर दबंगों का कहर, महिला और दो बेटों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; CCTV वीडियो वायरल

प्रकाशित: 04-07-2026, 04:53 AM
महोबा में पाइपलाइन विवाद पर दबंगों का कहर, महिला और दो बेटों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; CCTV वीडियो वायरल
शेयर करें:

शहर कोतवाली क्षेत्र के जुगयानापुरा मोहल्ले में दबंगों की कथित गुंडई का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। आरोप है कि घर की पानी की पाइपलाइन तोड़े जाने का विरोध करने पर पड़ोस के दबंगों ने एक महिला और उसके दो बेटों को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

महिला की शिकायत पर भड़के आरोपी

पीड़िता रेहाना परवीन के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग आए दिन उनके घर आने वाली नल की पाइपलाइन तोड़ देते थे। 1 जुलाई की दोपहर जब वह इस संबंध में शिकायत करने आरोपी राजू के घर पहुंचीं, तो बातचीत करने के बजाय आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके साथ अभद्रता भी की गई।

बचाने पहुंचे दोनों बेटों को भी पीटा

रेहाना परवीन की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा शामिर घर पहुंचा और मां को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान राजू, आरिफ, कज्जन, कल्लू, आशु और बल्लू समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। शामिर को बचाने पहुंचे उसके छोटे भाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस हमले में महिला और उनके दोनों बेटे घायल हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मारपीट की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती।

तीन दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, पुलिस पर सवाल

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं और मेडिकल परीक्षण भी कराया जा चुका है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि इंसाफ के लिए कोतवाली और पुलिस चौकियों के चक्कर लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, पुलिस की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: