जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचने के एक दिन बाद, 20 जुलाई को अभिनेत्री शबाना आजमी CJP के 'चलो संसद' मार्च में शामिल हुईं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च करते हुए अपनी एकजुटता जाहिर की और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का समर्थन किया।
'हम शांतिपूर्ण विरोध के लिए आए हैं'
मार्च के दौरान शबाना आजमी ने पीटीआई से बातचीत में कहा, "हम सभी यहां शांतिपूर्ण विरोध के लिए आए हैं। यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। महात्मा गांधी ने हमें अहिंसक तरीके से विरोध करना सिखाया है और हम उसी रास्ते पर चल रहे हैं। हमारा किसी भी तरह की हिंसा करने का कोई इरादा नहीं है।" मार्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी उनके साथ नजर आए। 75 वर्षीय शबाना आजमी के साथ लोग चलते दिखाई दिए और उनका सहारा भी बने।
बॉलीवुड की गैरमौजूदगी पर दिया जवाब
जब शबाना आजमी से पूछा गया कि इस मार्च में दूसरे बॉलीवुड सितारे क्यों नहीं दिखाई दे रहे हैं, तो उन्होंने सवाल पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ध्यान असली मुद्दे पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा, "आप सिर्फ इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि बॉलीवुड के लोग यहां क्यों नहीं हैं। आप यह क्यों नहीं पूछते कि बड़े उद्योगपति और बिजनेसमैन क्यों नहीं हैं? ऐसे सवाल असली मुद्दे से ध्यान भटकाते हैं और बेवजह विवाद खड़ा करते हैं। आपको उन लोगों का साथ देना चाहिए जो इस मुद्दे के लिए आवाज उठा रहे हैं, न कि आंदोलन को कमजोर करना चाहिए।"
6 जून से जारी है CJP का आंदोलन
CJP बीते 6 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इसी आंदोलन के समर्थन में क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हुए और उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद हुआ 'चलो संसद' मार्च
लगातार 22 दिनों तक शांतिपूर्ण भूख हड़ताल करने के बाद सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किया गया। इसके बाद CJP ने अपने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 'चलो संसद' मार्च का आह्वान किया।
इन सितारों ने भी जताया समर्थन
जहां फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा हिस्सा इस मुद्दे पर खामोश नजर आया, वहीं कुछ कलाकार खुलकर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में सामने आए हैं। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, दिया मिर्जा, शबाना आजमी और जीनत अमान ने सोशल मीडिया के जरिए आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। वहीं अभिनेता प्रकाश राज भी जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता दिखाते नजर आए।