बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी चक्रवर्ती ने अपने बॉयफ्रेंड माइल्स मैंटजारिस से सगाई कर ली है। कपल ने सोशल मीडिया पर रोमांटिक तस्वीरें शेयर कर अपने रिश्ते को नया नाम देने की जानकारी दी। दोनों 6 दिसंबर 2026 को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
प्रपोजल की तस्वीरें हुईं वायरल
दिशानी और माइल्स ने इंस्टाग्राम पर एक जॉइंट पोस्ट शेयर किया, जिसमें प्रपोजल के खूबसूरत पल नजर आए। तस्वीरों में माइल्स घुटनों के बल बैठकर दिशानी को प्रपोज करते दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य फोटो में दिशानी अपनी एंगेजमेंट रिंग फ्लॉन्ट करती नजर आईं, जबकि आखिरी तस्वीर में दोनों एक-दूसरे को किस करते हुए दिखे।
'हमेशा के लिए सबसे आसान फैसला'
सगाई की तस्वीरें साझा करते हुए दिशानी ने कैप्शन में लिखा, "06.12.2026... 'हमेशा' के लिए सबसे आसान फैसला, जो मैंने कभी लिया है।" इस पोस्ट को फैंस के साथ-साथ कई सेलेब्स ने भी पसंद किया। अभिनेत्री सेलिना जेटली ने भी इस पोस्ट पर प्यार जताया।
कौन हैं दिशानी चक्रवर्ती?
24 अक्टूबर 2000 को जन्मीं दिशानी चक्रवर्ती, मिथुन चक्रवर्ती और योगिता बाली की गोद ली हुई बेटी हैं। वह वर्तमान में लॉस एंजिल्स में रहकर अपने एक्टिंग करियर पर फोकस कर रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है और इंस्टाग्राम पर उन्हें 94 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
दिल छू लेने वाली है दिशानी की कहानी
दिशानी की जिंदगी की कहानी बेहद भावुक करने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बचपन में उन्हें कोलकाता में कूड़े के ढेर के पास छोड़ दिया गया था। जब मिथुन चक्रवर्ती ने उनके बारे में एक खबर पढ़ी, तो उन्होंने पत्नी योगिता बाली के साथ मिलकर उन्हें गोद लेने का फैसला किया। इसके बाद दिशानी को चक्रवर्ती परिवार ने पूरे प्यार और अपनापन के साथ अपनाया।
कौन हैं माइल्स मैंटजारिस?
दिशानी के मंगेतर माइल्स मैंटजारिस एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। वह डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी, स्टेडीकैम ऑपरेटर और कलरिस्ट के तौर पर काम करते हैं। माइल्स ESPN, NFL, Disney, Amazon और MAX जैसे बड़े ब्रांड्स और प्रोडक्शन हाउस के साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं।
एक्टिंग में बना रही हैं करियर
दिशानी अपने पिता मिथुन चक्रवर्ती के नक्शेकदम पर चलते हुए अभिनय की दुनिया में पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने मुंबई के जेफ गोल्डबर्ग स्टूडियो से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली है। इसके अलावा न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी से ग्रेजुएशन और ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से दो वर्षीय एक्टिंग प्रोग्राम भी पूरा किया है।
इन प्रोजेक्ट्स में कर चुकी हैं काम
दिशानी अब तक कई इंडी और शॉर्ट फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं। उनके काम में 'Gift', 'Underpass', 'The Guest' और 'Feed Me' जैसी फिल्में शामिल हैं। आने वाले समय में वह बड़े प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ सकती हैं।