टीवी और बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री युविका चौधरी एक बार फिर चर्चा में हैं। युविका और प्रिंस नरूला इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक हैं, जिनकी जोड़ी को फैंस खूब पसंद करते हैं। साल 2018 में शादी के बंधन में बंधे इस कपल ने 2024 में अपनी पहली संतान का स्वागत किया था। युविका ने बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम दोनों ने मिलकर एकलीन रखा।
'मैं दूसरी बार प्रेग्नेंट हो गई हूं' सुनकर चौंके फैंस
हाल ही में युविका चौधरी ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए ऐसा बयान दिया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। वीडियो में युविका मजाकिया अंदाज में कहती नजर आईं, "दोस्तों देखिए, मैं दूसरी बार प्रेग्नेंट हो गई हूं। मुझे खुद भी पता नहीं था। कल तक मैं ठीक थी और अब सात महीने की प्रेग्नेंट हूं। प्रिंस को दूसरा बच्चा चाहिए था, तो ये देखिए सब सेट है।"
कमेंट सेक्शन में बधाइयों की लगी बाढ़
वीडियो सामने आते ही फैंस ने इसे सच मान लिया और कमेंट सेक्शन में युविका और प्रिंस को दूसरी बार माता-पिता बनने की बधाई देने लगे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
आखिर क्या है बेबी बंप की सच्चाई?
हालांकि, बढ़ती अटकलों के बीच युविका चौधरी ने खुद ही सच्चाई का खुलासा कर दिया। उन्होंने व्लॉग में बताया कि यह कोई असली प्रेग्नेंसी नहीं है, बल्कि एक विज्ञापन शूट का हिस्सा है। युविका ने साफ कहा, "दोस्तों, ये सिर्फ मजाक है। ये पूरा लुक एक विज्ञापन के लिए तैयार किया गया है।"
लैवेंडर ड्रेस में दिखीं बेहद खूबसूरत
वीडियो में युविका लैवेंडर रंग की ड्रेस में नजर आईं, जिसमें उनका लुक काफी आकर्षक लग रहा था। फैंस ने उनके स्टाइल और अंदाज की भी जमकर तारीफ की।
'बिग बॉस 9' से शुरू हुई थी लव स्टोरी
युविका चौधरी और प्रिंस नरूला की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी शो 'बिग बॉस 9' में हुई थी। शो के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने साल 2018 में शादी कर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की।