टीवी शो 'दीया और बाती हम' में मीनाक्षी भाभी का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कनिका माहेश्वरी पिछले कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में थीं। सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि उनका पति अंकुर घई से तलाक हो चुका है और वह अकेले अपने बेटे की परवरिश कर रही हैं। अब अभिनेत्री ने खुद सामने आकर इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
'हमारा तलाक नहीं हुआ है' - कनिका माहेश्वरी
कनिका माहेश्वरी ने एक इंटरव्यू में साफ कहा कि उनका और अंकुर घई का तलाक नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा जरूर आया था जब दोनों ने तलाक की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल लिया।कनिका ने कहा, "पिछले करीब तीन सालों से लगातार हमारे तलाक की अफवाहें उड़ रही हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि हमारा तलाक नहीं हुआ है। एक समय हम इस प्रक्रिया की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन बाद में हमने इसे आगे न बढ़ाने का फैसला किया।"
अफवाहों और गलत खबरों पर जताई नाराजगी
अभिनेत्री ने कहा कि लोग अक्सर पूरी सच्चाई जाने बिना ही किसी के रिश्ते और निजी जिंदगी पर टिप्पणी करने लगते हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली चीजें किसी व्यक्ति की जिंदगी का सिर्फ एक छोटा हिस्सा होती हैं।कनिका के मुताबिक, लोगों ने उनकी जिंदगी, रिश्तों और निजी परिस्थितियों को लेकर कई तरह की कहानियां बना लीं, जबकि असलियत कुछ और थी। उन्होंने कहा कि बिना किसी की परिस्थितियों को समझे उसके बारे में राय बना लेना बेहद आसान होता है।
अलग-अलग शहरों में रहने की बताई वजह
कनिका माहेश्वरी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह और उनके पति अलग-अलग शहरों में रहते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उनका रिश्ता खत्म हो गया है। उन्होंने बताया, "अंकुर दिल्ली में रहते हैं क्योंकि उनका बिजनेस वहीं है, जबकि मैं अपने काम और शूटिंग के कारण मुंबई में रहती हूं। हम दोनों अलग-अलग शहरों में सिर्फ अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स की वजह से रहते हैं, न कि तलाक की वजह से।"
'रिश्ते दिखावे से नहीं, समझ और जुड़ाव से चलते हैं'
कनिका ने कहा कि किसी भी रिश्ते की मजबूती सिर्फ साथ रहने या दिखावे से नहीं मापी जा सकती। रिश्ते आपसी समझ, भरोसे और जुड़ाव पर टिके होते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दुख तब होता है जब अजनबी लोग बिना पूरी जानकारी के किसी की निजी जिंदगी और रिश्तों पर विश्वास के साथ टिप्पणी करने लगते हैं। उनके अनुसार, हर रिश्ता अलग होता है और उसे बाहर से देखकर पूरी तरह समझा नहीं जा सकता।
कौन हैं कनिका माहेश्वरी के पति अंकुर घई?
कनिका माहेश्वरी ने साल 2012 में अपने कॉलेज फ्रेंड अंकुर घई से शादी की थी। दोनों की दोस्ती कॉलेज के दिनों में प्यार में बदल गई थी। साल 2015 में कपल के घर बेटे का जन्म हुआ। अंकुर घई पेशे से एक बिजनेसमैन हैं और फिलहाल दिल्ली में रहते हैं, जबकि कनिका अपने अभिनय करियर के चलते मुंबई में रह रही हैं।