'मिर्जापुर' की गद्दी के लिए एक बार फिर जंग छिड़ने वाली है, लेकिन इस बार यह लड़ाई ओटीटी नहीं बल्कि बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। मेकर्स लगातार फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' से नए पोस्टर रिलीज कर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा रहे हैं। कालीन भैया के बाद अब गुड्डू भैया और मुन्ना भैया का पहला लुक भी सामने आ गया है।
मुन्ना भैया की धमाकेदार वापसी
सीरीज में भले ही मुन्ना त्रिपाठी का अंत हो गया था, लेकिन फिल्म में उनका किरदार एक बार फिर चर्चा में है। रिलीज किए गए पोस्टर में दिव्येंदु शर्मा उर्फ मुन्ना भैया अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनके हाथ में जलती हुई मशाल दिखाई दे रही है और चेहरे पर वही आक्रामक तेवर नजर आ रहे हैं, जिसने इस किरदार को दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया था। पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, "हिंदी फिल्मों के हीरो हैं हम... कहा था ना, हम अमर हैं।" इस कैप्शन ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
गुड्डू भैया का दिखा खतरनाक अवतार
मुन्ना भैया के साथ-साथ मेकर्स ने अली फजल उर्फ गुड्डू भैया का फर्स्ट लुक भी जारी किया है। पोस्टर में गुड्डू भैया हाथ में बंदूक लिए लगातार फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे का गुस्सा और आक्रामक अंदाज साफ बता रहा है कि इस बार गद्दी की लड़ाई और भी ज्यादा तीखी होने वाली है। गुड्डू भैया के पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन दिया, "शुरू मजबूरी में किया था, अब मजा आ रहा है।"
कालीन भैया के बाद बढ़ा सस्पेंस
इससे पहले मेकर्स ने पंकज त्रिपाठी उर्फ कालीन भैया का पहला लुक जारी किया था, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया। अब गुड्डू और मुन्ना भैया के पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। तीनों किरदारों के नए अवतार यह संकेत दे रहे हैं कि इस बार मिर्जापुर की गद्दी के लिए संघर्ष पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और रोमांचक होने वाला है।
कल रिलीज होगा फिल्म का टीजर
मेकर्स ने घोषणा की है कि 25 जून को 'मिर्जापुर: द मूवी' का पहला टीजर रिलीज किया जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि टीजर में फिल्म की कहानी, नए किरदारों और बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की दुनिया की पहली झलक देखने को मिलेगी।
इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के अलावा रवि किशन, जितेंद्र कुमार, मोहित मलिक और सुशांत सिंह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।