महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

'बॉलीवुड जैसा काम अभी हॉलीवुड में नहीं मिला...', प्रियंका चोपड़ा ने करियर पर कही बड़ी बात

प्रकाशित: 25-06-2026, 07:37 AM
'बॉलीवुड जैसा काम अभी हॉलीवुड में नहीं मिला...', प्रियंका चोपड़ा ने करियर पर कही बड़ी बात
शेयर करें:

बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का मानना है कि हॉलीवुड में उनका सबसे बेहतरीन काम अभी आना बाकी है। कान लायंस सम्मेलन में बातचीत के दौरान उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर, भविष्य की योजनाओं और निजी जिंदगी पर खुलकर बात की।

'बॉलीवुड में ज्यादा विविध किरदार निभाए'

प्रियंका ने कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने और बेहतरीन फिल्मकारों के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने कहा, "अपने हिंदी फिल्मी करियर में मैंने शानदार कहानियों और अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम किया है। लेकिन हॉलीवुड में अभी मुझे वैसी विविधता वाले किरदार निभाने का मौका नहीं मिला है।"

'हॉलीवुड में अभी मेरा बेस्ट काम बाकी है'

'बेवॉच', 'द मैट्रिक्स रेजरेक्शन्स' और हाल ही में रिलीज हुई 'द ब्लफ' जैसी फिल्मों में काम करने के बावजूद प्रियंका का कहना है कि वह अभी अपने हॉलीवुड करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर तक नहीं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य हॉलीवुड में भी वैसी ही विविध भूमिकाएं निभाना है, जैसी उन्होंने भारतीय सिनेमा में निभाई हैं।

शादी और मां बनने के बाद बदली जिंदगी

प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि शादी और मां बनने के बाद उनकी प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल गई हैं। उन्होंने कहा, "अब मैं पहले की तरह अपना बैग पैक करके किसी भी फिल्म के लिए नहीं निकल जाती। मैं साल में पांच फिल्में नहीं करती। अब मैं बहुत सोच-समझकर तय करती हूं कि अपना समय कहां और किसके साथ बिताना है।" उन्होंने यह भी कहा कि एक कामकाजी मां होने के नाते अब उन्हें अपनी मां के संघर्ष और मेहनत की पहले से कहीं ज्यादा समझ और सम्मान है।

जल्द करेंगी भारतीय सिनेमा में वापसी

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा हाल ही में 'सिटाडेल' के दूसरे सीजन और एडवेंचर फिल्म 'द ब्लफ' में नजर आई थीं। अब वह लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं।

एस.एस. राजामौली की फिल्म में आएंगी नजर

प्रियंका चोपड़ा निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म 'वाराणसी' में दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। बड़े बजट की यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: