'बिग बॉस 19' से पहचान बनाने वाली फरहाना भट्ट इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। एक ओर वह जल्द ही रोहित शेट्टी के शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आने वाली हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी सगी बहन फैजाना भट्ट का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है।
फैजाना ने खुद को बताया फरहाना की सगी बहन
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में फैजाना भट्ट ने दावा किया कि वह फरहाना की सगी बहन हैं। उन्होंने लिखा, "यह कहना मेरे लिए बेहद मुश्किल है, लेकिन फरहाना मेरी सगी बहन है। हम साथ बड़े हुए, एक ही घर में रहे और जिंदगी के हर पड़ाव पर एक-दूसरे का साथ दिया।" उन्होंने आगे कहा कि जब फरहाना ने 'बिग बॉस 19' में उन्हें सार्वजनिक रूप से अपनी बहन मानने से इनकार किया, तो उन्हें गहरा दुख पहुंचा। इसके बावजूद उन्होंने चुप रहना चुना क्योंकि वह फरहाना की सफलता चाहती थीं।
मां और फरहाना के रिश्ते पर भी किया दावा
फैजाना ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि वर्षों तक उन पर फरहाना और उनकी मां के बीच गलतफहमी पैदा करने के आरोप लगाए गए, जबकि ऐसा कभी नहीं था। उन्होंने लिखा, "जब हमारी मां मुंबई में फरहाना के साथ रहीं, तब उन्होंने खुद कई बातें देखीं और अपने अनुभवों के आधार पर अपनी राय बनाई। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि मां को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और पुलिस भी मामले में शामिल हुई। हमारे पास इन सभी घटनाओं के सबूत मौजूद हैं।"
'आज से मैं भी मान लूंगी कि मेरी कोई बहन नहीं है'
अपने बयान के आखिर में फैजाना ने भावुक शब्दों में कहा, "अगर फरहाना को लगता है कि उसकी कोई बहन नहीं है, तो आज से मैं भी यही स्वीकार कर लूंगी कि मेरी कोई बहन नहीं है। यह फैसला गुस्से या नफरत में नहीं, बल्कि दर्द, निराशा और लंबे समय की चुप्पी के बाद लिया है।" उन्होंने लोगों से अपील की कि उनकी और फरहाना की साथ वाली तस्वीरें शेयर न करें और परिवार को लेकर फर्जी चैट या गलत कहानियां फैलाने से बचें। फिलहाल इस पूरे मामले पर फरहाना भट्ट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में फैजाना के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आएंगी फरहाना
विवादों के बीच फरहाना भट्ट जल्द ही रोहित शेट्टी के स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आएंगी। हाल ही में शो का प्रोमो रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फरहाना शो की फाइनलिस्ट हैं और ट्रॉफी के लिए उनकी टक्कर करण वाही से हो सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।