टीवी अभिनेता गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इन दिनों 'लॉक अप सीजन 2' में नजर आ रहीं आकांक्षा ने शो के दौरान खुलासा किया कि वह और गौरव जल्द ही तलाक लेने जा रहे हैं। अब उन्होंने पहली बार इस फैसले के पीछे की असली वजह भी साझा की है।
'वो बच्चे चाहते हैं, लेकिन मैं मां नहीं बनना चाहती'
शो में बातचीत के दौरान आकांक्षा ने कहा कि गौरव पिता बनना चाहते हैं, लेकिन उनके भीतर कभी मां बनने की इच्छा नहीं रही। उन्होंने कहा, "वो बच्चे चाहते हैं और मैं उन्हें वो नहीं दे सकती। मेरे अंदर मां बनने की फीलिंग नहीं है। जब मुझे एहसास हुआ कि मैं इस जिम्मेदारी के लिए बनी ही नहीं हूं, तभी मैंने गौरव से साफ कह दिया था कि अगर वह इस वजह से मुझे छोड़ना चाहते हैं, तो छोड़ सकते हैं।"
'शादी का मकसद परिवार बसाना होता है'
आकांक्षा ने आगे कहा कि ज्यादातर लोग शादी इसलिए करते हैं क्योंकि वे परिवार और बच्चे चाहते हैं। उन्होंने कहा, "सच कहूं तो 99 प्रतिशत लोग शादी इसलिए करते हैं क्योंकि वे परिवार बसाना चाहते हैं। अगर ऐसा नहीं होता तो शादी करने की जरूरत ही क्या होती?"
'मैं उनकी खुशी नहीं छीनना चाहती थी'
आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने 'बिग बॉस' के दौरान भी गौरव को कई बार पिता बनने की इच्छा जताते देखा था। यही वजह थी कि उन्होंने उनके फैसले का सम्मान करने का मन बनाया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता था कि मैं उनकी खुशी क्यों छीनूं। उन्हें पूरा हक है कि उन्हें वो जिंदगी मिले जो वो चाहते हैं।"
'न मदर इंस्टिंक्ट है, न जिम्मेदारी उठाने की इच्छा'
जब शो में उनसे पूछा गया कि क्या वे बच्चा गोद लेने के बारे में सोच सकती हैं, तो आकांक्षा ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "मेरे अंदर मदर इंस्टिंक्ट नहीं है और मैं इस जिम्मेदारी के लिए तैयार भी नहीं हूं। मैं अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर और आजाद होकर जीना चाहती हूं।"
'इस सच का असर दोनों परिवारों पर पड़ेगा'
आकांक्षा ने यह भी स्वीकार किया कि इस खुलासे का असर सिर्फ उन दोनों पर नहीं, बल्कि दोनों परिवारों पर भी पड़ेगा। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक गौरव खन्ना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। गौरव जल्द ही 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आने वाले हैं।
गौरव पहले भी कर चुके हैं पत्नी का बचाव
जब गौरव 'बिग बॉस' में थे, तब उनसे उनकी पत्नी के मां न बनने के फैसले पर सवाल पूछा गया था। उस दौरान उन्होंने भावुक होकर आकांक्षा का समर्थन किया था। गौरव ने कहा था, "मुझे बच्चों से बहुत प्यार है और मैं पिता बनना चाहता हूं, लेकिन ऐसे बहुत कम लोग होते हैं जो अपनी पत्नी से इतना प्यार करते हैं कि अपनी इच्छाओं का त्याग कर देते हैं। मैं हमेशा उसके फैसले का सम्मान करता हूं।"
2016 में की थी शादी, अब रिश्ता टूटने की कगार पर
आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने कुछ समय तक डेट करने के बाद 2016 में शादी कर ली। अब शादी के करीब दस साल बाद दोनों अलग होने की राह पर हैं। आकांक्षा चमोला 'संतोषी मां', 'ये है आशिकी' और 'क्राइम पेट्रोल' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं। फिलहाल वह 'लॉक अप सीजन 2' में दिखाई दे रही हैं। वहीं, गौरव खन्ना जल्द ही स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आएंगे।