बॉलीवुड स्टार सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी कोर्टरूम थ्रिलर 'इक्का' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसी बीच ट्रेलर लॉन्च इवेंट से सनी देओल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अभिनेता फटे हुए जूते पहने नजर आए, जिसके बाद इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
फटे जूतों ने खींचा लोगों का ध्यान
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान कैमरों ने सनी देओल के जूतों पर भी फोकस किया। वायरल वीडियो में उनके जूते की एड़ी (Heel) फटी हुई दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आते ही कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अभिनेता को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद सनी देओल के पास नए जूते खरीदने का समय नहीं था, जबकि कुछ ने उनके जूतों की कीमत को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी।
फैंस ने किया सनी देओल का बचाव
जहां कुछ लोगों ने अभिनेता को ट्रोल किया, वहीं बड़ी संख्या में फैंस उनके समर्थन में भी उतर आए। कई यूजर्स ने लिखा कि सनी देओल ने अपने लुक या जूतों की बजाय इवेंट को प्राथमिकता दी। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि हो सकता है उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के जूते पहन लिए हों। एक यूजर ने लिखा, "ये धर्मेंद्र सर के जूते लग रहे हैं।" वहीं दूसरे ने लिखा, "क्या पता उन्होंने अपने पिता के जूते पहन लिए हों।"
'इक्का' में वकील के रोल में दिखेंगे सनी
'इक्का' एक कोर्टरूम थ्रिलर फिल्म है, जिसमें सनी देओल वकील अर्जुन मेहरा की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार सच और इंसाफ के लिए लड़ने वाले एक ईमानदार वकील का है। फिल्म में उन्हें एक ऐसे आरोपी का केस लड़ना पड़ता है, जिस पर गंभीर अपराध के आरोप हैं। इस आरोपी की भूमिका अक्षय खन्ना निभा रहे हैं, जिनका किरदार रहस्यमयी और ग्रे शेड वाला बताया जा रहा है। फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, तीखी बहस, दमदार डायलॉग और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। दिया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी इसमें अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
अक्षय खन्ना की जमकर तारीफ की
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सनी देओल ने अक्षय खन्ना के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा, "मैं और अक्षय पहली बार 'बॉर्डर' में साथ काम किए थे। उस समय भी हमने खूब मजे किए थे और 'इक्का' की शूटिंग के दौरान भी वही माहौल रहा। मैं उन्हें कई सालों से जानता हूं।" अक्षय खन्ना के करियर को लेकर पूछे गए सवाल पर सनी ने कहा, "जिंदगी में कब किसका समय बदल जाए, कोई नहीं जानता। बस मेहनत करते रहना चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए।"
वर्कफ्रंट
'इक्का' सनी देओल की पहली ओटीटी फिल्म होगी, जो 10 जुलाई को Netflix पर रिलीज होगी। इसके अलावा सनी जल्द ही पीरियड ड्रामा 'बंटवारा 1947' में नजर आएंगे। वहीं, रणबीर कपूर की बहुचर्चित फिल्म 'रामायणम्' में वह भगवान हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। यह फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।