कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री और 'बिग बॉस कन्नड़ 8' की पूर्व कंटेस्टेंट दिव्या सुरेश ने अपने साथ हुई एक कथित घटना का खुलासा कर सभी को चौंका दिया है। अभिनेत्री का दावा है कि रविवार देर रात बेंगलुरु में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका और उनकी कजिन का पीछा किया और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें कीं।
'रात 11:30 बजे शुरू हुआ पीछा'
दिव्या सुरेश के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। वह अपनी कजिन के साथ बाहर से लौट रही थीं और अपनी कार की ओर जा रही थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनका पीछा करने लगा।अभिनेत्री का आरोप है कि वह व्यक्ति लगातार उनके पीछे चलता रहा और रास्ते में अश्लील हरकतें करता रहा। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद वह भी उसी दिशा में जा रहा है, लेकिन कुछ देर बाद उसकी हरकतों से वे घबरा गईं।
'हमने रोका, लेकिन वह नहीं रुका'
दिव्या ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में पूरी घटना का जिक्र करते हुए लिखा, "मैं और मेरी कजिन अपनी कार की ओर जा रहे थे। तभी एक आदमी हमारा पीछा करने लगा। वह लगातार हमारे पीछे चलते हुए अश्लील हरकतें कर रहा था। हमने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन उसने हमारी बात नहीं सुनी और तब तक पीछा करता रहा, जब तक हम कार में बैठकर वहां से निकल नहीं गए।" उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद डरावना था और कुछ समय तक वे पूरी तरह सहम गई थीं।
घटना का वीडियो भी किया था रिकॉर्ड
दिव्या सुरेश ने दावा किया कि उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था और उसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया था। हालांकि, 24 घंटे बाद स्टोरी हट जाने के कारण वह वीडियो अब उपलब्ध नहीं है। अभिनेत्री के मुताबिक, वीडियो में उनकी कजिन उस व्यक्ति की ओर इशारा कर उसकी हरकतें दिखा रही थीं, जबकि दिव्या कैमरे के सामने पूरी घटना की जानकारी दे रही थीं।
महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
घटना के बाद दिव्या सुरेश ने सोशल मीडिया पर बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लिखा, "किसी भी महिला को सिर्फ इसलिए उत्पीड़न का सामना नहीं करना चाहिए क्योंकि वह रात में बाहर निकली है। आखिर वह सुरक्षा कहां है, जिसका बार-बार वादा किया जाता है? महिलाएं आखिर कब बिना डर के रात में बाहर निकल पाएंगी?"
सोशल मीडिया पर मिला समर्थन
दिव्या की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनका समर्थन किया। यूजर्स ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।फिलहाल इस कथित घटना को लेकर बेंगलुरु पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं।