दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान आज भी अपनी खूबसूरती और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बॉलीवुड के शुरुआती दौर के अपने अनुभव साझा किए। जीनत ने बताया कि पर्दे पर उनकी जो छवि बनाई गई थी, वह उनकी असल जिंदगी से बिल्कुल अलग थी।
'सेक्स सिंबल' की छवि पर कही दिल की बात
शुभ्रा अयप्पा के यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में जीनत अमान ने कहा कि लंबे समय तक उन्हें 'सेक्स सिंबल' के तौर पर देखा गया। उन्होंने बताया कि इस इमेज की वजह से उन्हें अक्सर एक जैसी भूमिकाएं ऑफर की जाती थीं। जीनत ने कहा, "लोगों ने मेरी जो छवि बना ली थी और मैं वास्तविक जीवन में जैसी थी, दोनों में काफी अंतर था। जब लोग मुझसे व्यक्तिगत रूप से मिलते थे, तब उन्हें एहसास होता था कि मैं पर्दे पर निभाए गए किरदारों जैसी बिल्कुल नहीं हूं।"
'प्रोड्यूसर्स ज्यादा ग्लैमर चाहते थे'
इंटरव्यू के दौरान जीनत अमान ने बताया कि फिल्म निर्माताओं की प्राथमिकता अक्सर उनके अभिनय से ज्यादा उनके ग्लैमरस लुक पर होती थी। उन्होंने कहा कि कई फिल्मों में उनसे अधिक ग्लैमरस अंदाज में नजर आने की अपेक्षा की जाती थी। जीनत ने कहा, "लोगों को बस यह चाहिए था कि मैं गाना गाऊं, डांस करूं, दो डायलॉग बोलूं और बारिश में भीगूं। मुझे लगता था कि मेरे अभिनय की क्षमता से ज्यादा मेरे ग्लैमर पर ध्यान दिया जाता था। कई फिल्मों में मुझसे ज्यादा क्लीवेज और बैक एक्सपोज करने की मांग की जाती थी।"
1970 और 80 के दशक की सबसे ग्लैमरस स्टार्स में रहीं शामिल
साल 1970 में मिस एशिया पैसिफिक इंटरनेशनल का खिताब जीतने के बाद जीनत अमान ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'डॉन', 'यादों की बारात', 'सत्यम शिवम सुंदरम', 'कुर्बानी', 'दोस्ताना' और 'धर्म वीर' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
74 की उम्र में भी एक्टिंग में सक्रिय
74 वर्षीय जीनत अमान आज भी अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं। वह जल्द ही फिल्म 'बन टिक्की' में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ शबाना आजमी भी अहम भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन फराज आरिफ अंसारी कर रहे हैं।
'द रॉयल्स' में आई थीं नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो जीनत अमान आखिरी बार साल 2025 में रिलीज हुई वेब सीरीज 'द रॉयल्स' में दिखाई दी थीं। इस सीरीज में भूमि पेडनेकर, ईशान खट्टर, साक्षी तंवर, नोरा फतेही, विहान समत, डीनो मोरिया और मिलिंद सोमन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।