अयोध्या में बड़ी संख्या में वकीलों ने कचहरी परिसर से प्रदर्शन करते हुए राम जन्मभूमि थाने की ओर मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और वकीलों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान कई वकील बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए।
चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को एक लिखित तहरीर भी सौंपी और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
सिविल लाइन पुलिस चौकी पर रुका प्रदर्शन
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद वकीलों का हुजूम सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास रुक गया। यहां पुलिस अधिकारियों ने वकीलों से तहरीर प्राप्त की और उसकी रिसीविंग भी दी। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और प्रदर्शन फिलहाल समाप्त कर दिया गया।
बार अध्यक्ष बोले- आंदोलन स्थगित, समाप्त नहीं
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि आंदोलन को खत्म नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल केवल स्थगित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग के अनुरूप मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, तो वकील बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।