हरिद्वार में वन विभाग और प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डीएफओ कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएफओ का पुतला फूंककर विरोध जताया।
कार्यालय में घुसने की कोशिश, गेट बंद कर रोका गया
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने डीएफओ कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे प्रदर्शनकारी अंदर प्रवेश नहीं कर सके। मौके पर कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पौधारोपण, अवैध खनन और वन्यजीव संरक्षण पर उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वन क्षेत्र में पौधारोपण कार्यों, कथित अवैध खनन और वन्यजीवों की हत्या जैसे मामलों को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डीएफओ ने आरोपों को बताया निराधार
मामले पर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी तरह के ठोस तथ्य या साक्ष्य प्रस्तुत करता है, तो विभाग नियमों के अनुसार निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है।