महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

मेरठ में फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, शातिर आरोपी सलीम गिरफ्तार

प्रकाशित: 02-07-2026, 09:26 AM
मेरठ में फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, शातिर आरोपी सलीम गिरफ्तार
शेयर करें:

मेरठ जिले की मवाना थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

फर्जी आधार कार्ड और पासपोर्ट आवेदन पत्र बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सलीम पुत्र सलाउद्दीन, निवासी बहोड़पुर, थाना मवाना के रूप में हुई है। उसके पास से 10 आधार कार्ड, 10 पासपोर्ट आवेदन पत्र, एक कूटरचित (नकली) आधार कार्ड, एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और एक पैन कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

एडिटिंग सॉफ्टवेयर से करता था फर्जीवाड़ा

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी लैपटॉप और मोबाइल में एडिटिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर आधार कार्ड में जन्मतिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां बदल देता था। इसके बाद उन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट के लिए आवेदन कराया जाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह काम विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर किया जाता था।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में हापुड़ जिले में भी एक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और पुराने मामलों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: