हंडिया विधानसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक हाकिम लाल बिंद के खिलाफ हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला एक ही परिवार के दो भाइयों की 22 दिनों के भीतर हुई मौत से जुड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों भाइयों के शव फंदे से लटके मिले
जानकारी के अनुसार, परिवार के एक युवक का शव पिछले महीने उसकी शादी के महज तीन दिन बाद घर के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। इसके 22 दिन बाद दूसरे भाई का शव भी घर के निकट एक टिन शेड से लटका हुआ मिला। दोनों घटनाओं के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
जमीन विवाद को बताया वजह
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि उनकी करीब चार बीघा आठ बिस्वा पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। परिवार का दावा है कि जमीन की वर्तमान कीमत करीब दो करोड़ रुपये है और इस संबंध में जिला अदालत में मामला विचाराधीन है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया है कि अदालत में मुकदमे की पैरवी करने पर उन्हें लगातार धमकियां मिलती थीं। उनका आरोप है कि विधायक और उनके सहयोगियों ने दोनों भाइयों की हत्या कराकर शवों को फंदे से लटकाया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
सपा विधायक ने आरोपों को बताया साजिश
विधायक हाकिम लाल बिंद ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह मुकदमा राजनीतिक साजिश के तहत दर्ज कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के इशारे पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।