उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोमवार का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। दिन की शुरुआत राजधानी लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी कर सकते हैं।
दोपहर में प्रयागराज के लिए होंगे रवाना
लखनऊ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में प्रयागराज रवाना होंगे। यहां वे कई महत्वपूर्ण सरकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
प्रेरणा पार्क का करेंगे लोकार्पण
प्रयागराज के काली घाट स्थित प्रेरणा पार्क का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। इस पार्क को महापुरुषों की स्मृतियों और प्रेरणादायी विरासत को समर्पित किया गया है।
तीन महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा अनावरण
यमुना बैंक बोट क्लब परिसर में अपराह्न 3:00 बजे आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, संतों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
एकता नौका रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रयागराज प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री संगम नगरी में आयोजित 'एकता नौका रेस' को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह आयोजन सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
रात में करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रात 9:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
35 करोड़ पौधरोपण लक्ष्य की करेंगे समीक्षा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में अभियान की तैयारियों, विभागवार जिम्मेदारियों और लक्ष्य प्राप्ति की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।