जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।
'अनकलेक्टेबल' फॉर्मों की ड्राफ्ट सूची होगी जारी
जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ आवेदन 'अनकलेक्टेबल' श्रेणी में आए हैं। ऐसे सभी मामलों की ड्राफ्ट सूची जल्द प्रकाशित की जाएगी, ताकि संबंधित नागरिकों को जानकारी मिल सके और वे आवश्यक कार्रवाई कर सकें।
दावा और आपत्ति दर्ज कराने का मिलेगा अवसर
ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक नागरिक को दावा या आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इच्छुक मतदाता संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) अथवा जिलाधिकारी कार्यालय में अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।
दो महीने तक चलेगी सुनवाई की प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने बताया कि दावे और आपत्तियों की सुनवाई की प्रक्रिया अगले दो महीनों तक जारी रहेगी। इस दौरान प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
सितंबर में जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद सितंबर माह में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद वही सूची आगामी चुनावों के लिए मान्य होगी।
18 वर्ष पूरे करने वाले नागरिक जरूर कराएं नाम दर्ज
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जो भी नागरिक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, उसे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने पात्र नागरिकों से समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की।