महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

राम मंदिर चढ़ावा मामले में कांग्रेस की पदयात्रा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

प्रकाशित: 07-07-2026, 12:42 PM
राम मंदिर चढ़ावा मामले में कांग्रेस की पदयात्रा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
शेयर करें:

जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर पदयात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष असफाक सकलेनी और महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के संयुक्त नेतृत्व में यह पदयात्रा गांधी मूर्ति, चौकी चौराहा से सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर तक निकाली गई। इसके बाद हनुमान मंदिर परिसर में सभा का आयोजन किया गया, जिसका संचालन पार्टी प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया।

हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी खबरों ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है। नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी हो।

ट्रस्ट भंग कर संतों को जिम्मेदारी सौंपने की मांग

कांग्रेस नेताओं ने वर्तमान मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की भी मांग की। उनका कहना था कि मंदिर के संचालन की जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों और राम मंदिर से जुड़े संतों को सौंपी जानी चाहिए, ताकि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और विश्वास बना रहे।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

जिलाध्यक्ष असफाक सकलेनी ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता जरूरी है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग भी की।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूर्व महानगर अध्यक्ष इलियास अंसारी ने कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। प्रदेश प्रवक्ता के.बी. त्रिपाठी ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रो. अलाउद्दीन खान, पंडित राज शर्मा, सुरेश दिवाकर, डॉ. हरीश गंगवार, जियाउर रहमान, रमेश श्रीवास्तव, इंजी. जीशान अफरीदी, मुकेश वाल्मीकि, विनोद कुमार, इशाक सकलेनी, इमरान राजा, इरशाद मंसूरी, उल्फत सिंह, तीर्थ मधुकर, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, कमरुद्दीन सैफी, डॉ. सरताज हुसैन, मनोज शर्मा, मोहम्मद शाहिद खान, अनिल देव शर्मा, योगेश जायसवाल, मुजम्मिल हुसैन, अमजद खान, महेंद्र पाल गंगवार, सफदर अली बुखारी, फिरदौस खान, तब्बूसम बी, फरीद खान, जोया नजमी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: