महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, दो युवकों की गोली मारकर हत्या

प्रकाशित: 08-07-2026, 05:06 AM
समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, दो युवकों की गोली मारकर हत्या
शेयर करें:

समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। नामापुर दरिया गांव में हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के नीमा चकहैदर निवासी संजय चौधरी के पुत्र प्रभात चौधरी और उनके साथी सन्नी कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

प्रभात चौधरी पर पहले भी हो चुका था हमला

बताया जा रहा है कि प्रभात चौधरी चर्चित शराब कारोबारी था। इससे पहले भी उस पर कोर्ट परिसर के अंदर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें बदमाशों ने उस पर गोली चलाई थी। ऐसे में पुलिस पुराने विवादों और आपराधिक एंगल को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

हत्या की वजह अभी साफ नहीं, पुलिस की छापेमारी जारी

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। समस्तीपुर पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: