भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर 8 जुलाई और 9 जुलाई की रात सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन के अनुसार, दोनों दिनों रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक पुल पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
आईआईटी पटना की टीम करेगी निरीक्षण
प्रशासन ने बताया कि स्थायी पुल निर्माण की प्रक्रिया के तहत आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम विक्रमशिला सेतु का तकनीकी निरीक्षण करेगी। इसी कारण सुरक्षा की दृष्टि से रात के समय यातायात पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
3 मई को क्षतिग्रस्त हुआ था पुल का हिस्सा
गौरतलब है कि 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) द्वारा अस्थायी रूप से बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया, ताकि सीमित यातायात बहाल किया जा सके।
छोटे वाहनों का परिचालन जारी, भारी वाहनों पर रोक
7 जून से बेली ब्रिज के जरिए छोटे और चारपहिया वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से भारी वाहनों के आवागमन की अनुमति अभी तक नहीं दी गई है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 8 और 9 जुलाई की रात यात्रा की योजना बनाने से पहले इस यातायात प्रतिबंध की जानकारी अवश्य लें। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।