सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है। चार दिन पहले घर से लापता हुए 13 वर्षीय मूक-बधिर किशोर का कंकाल गन्ने के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
गन्ने के खेत में मिले शव के अवशेष
मामला रेउसा थाना क्षेत्र के अचाकापुरवा छरेहटी मजरा रमुवापुर कालिका सिंह गांव का है। मृतक की पहचान राहुल, पुत्र सुर्जलाल, के रूप में हुई है। राहुल 4 जुलाई की सुबह घर से लापता हो गया था। बुधवार सुबह गांव के पास गन्ने के खेत में उसके शव के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ अवशेष प्रभात सिंह और कुछ शरद सिंह के गन्ने के खेत में बिखरे मिले।
पुलिस और वन विभाग ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेउसा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जंगली जानवरों के हमले की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मौत के बाद शव को सियार, भेड़िए या आवारा कुत्तों ने नोच डाला हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पहले से दर्ज थी गुमशुदगी
थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी ने बताया कि राहुल की गुमशुदगी पहले ही दर्ज कर ली गई थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब शव मिलने के बाद मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और चिंता का माहौल है।