बलिया के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी बिजली के तार काटने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
बांसडीह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हुसेनाबाद गांव के केवरा मोड़ के पास कुछ बदमाश सरकारी बिजली के तार काटने की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 31 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पटेल, निवासी बालूपुर, थाना खेजुरी, के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से हथियार और उपकरण बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिजली के तार काटने में इस्तेमाल होने वाला कटर बरामद किया है।
चार अन्य आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मौके से चार अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।