मथुरा के चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम करीब 7 बजे अचानक गुंबद का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद मामला सामने आया।
तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुंबद का हिस्सा गिरते समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पास में दुकान चलाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक तेज आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो मस्जिद के गुंबद का हिस्सा नीचे गिर रहा था।
छत पर गिरा मलबा, टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि गुंबद से गिरा मलबा सड़क पर नहीं गिरा, बल्कि मस्जिद की ऊपरी छत पर ही आकर रुका। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
कारणों का नहीं चल सका पता
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गुंबद का हिस्सा किन कारणों से गिरा। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि गुंबद का प्लास्टर या ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिरा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मस्जिद कमेटी ने बयान देने से किया इनकार
घटना के संबंध में जब जामा मस्जिद कमेटी से संपर्क किया गया तो समिति के पदाधिकारियों ने फिलहाल कोई भी आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया। प्रशासन और संबंधित विभाग अब गुंबद के क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच कर रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।